नगर राजभाषा शील्ड 12 मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को

अध्यक्ष नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति तथा मंडल रेल प्रबंधक श्री श्याम सुंदर गुप्ता द्वारा आज नगर स्तर पर सर्वश्रेष्ठ हिंदी कार्य निष्पादन के लिए नगर राजभाषा शील्ड वर्ष 2011-12 के लिए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, बीकानेर को प्रदान की गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री जीत सिंह ने नगर राजभाषा शील्ड ग्रहण की। इसके साथ ही आकाशवाणी, केंद्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केंद्र, प्रसार भारती (आकाशवाणी) एवं अरावली जिप्सम एंड मिनरल्स को भी सराहनीय कार्य के लिये प्रशस्ति पत्र प्रदान किये गए। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय (राजभाषा विभाग) के दिशा निर्देशन में भारत के प्रमुख नगरों में राजभाषा प्रचार-प्रसार के लिये कार्यरत समिति है। समिति के सदस्य नगर स्थित केंद्र सरकार के समस्त कार्यालय, सरकारी उपक्रम, बैंक एवं बीमा कंपनियां तथा केंद्र सरकार के विद्यालय हैं।
दिनांक 26.06.2012 को आयोजित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में मंडल रेल प्रबंधक ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि हमें हिंदी के प्रति धारणाएं व वातावरण को बदलना होगा तथा हम अपने दृढ़ आत्मबल और विश्वास से हिंदी के प्रयोग के लिए अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को हिंदी में काम करने के लिए प्रेरणा दें। जहां तक नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति का प्रश्न है तो समिति की ओर से सभी सदस्य कार्यालयों को पूर्ण सहयोग मिलेगा और आवश्यकता हुई तो कंप्यूटर पर यूनिकोड में हिंदी में काम करने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया जा सकता है।
रेलवे के अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री जीत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि बीकानेर 'क' क्षेत्र में स्थित है अतः यहां के समस्त कार्यालयों में हिंदी का अधिकांश मदों में शत-प्रतिशत प्रयोग किया जाना अपेक्षित है। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि इस दिशा में प्रशंसनीय कार्य हो रहा है। यदि राजभाषा प्रयोग में कुछ कमियां रह गई हों तो उन्हें भी प्रयास कर दूर किया जाना चाहिए।
इस बैठक में नगर स्तर पर आयोज्य हिंदी की गतिविधियों, प्रतियोगिताओं व प्रकाशन के संबंध में भी चर्चा की गई तथा दूरदर्शन कार्यालय व ओरियंटल एश्योरेंस कंपनी को भी उप समिति में शामिल किया गया। यह भी निर्णय किया गया कि राजभाषा पखवाड़े के अतिरिक्त भी नगर स्तर की प्रतियोगिताएं समय-समय पर आयोजित की जाएगी।

इस पेज को साझा करें Share this Page link